सूरजपुर : छत्तीसगढ़ में कई जिलों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। कहीं पर हाथियों का आतंक तो कहीं पर बाघ के हमले की वारदात बढ़ती जा रही है। ताजा मामला सूरजपुर जिला से सामने आया है। ओड़गी ब्लाक के कालामांजन गांव में एक बाघ ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। ग्रामीण जंगल में लकड़ी बीनने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान घात लगाए बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो अन्य युवक बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बाघ को दौड़ा कर बुरी तरह से पीट दिया। बता दें कई जिलों में तेंदुए और हाथियों का आतंक जारी है। बाघ और तेंदुए शिकार की तलाश में भटककर शहर की तरफ आ जाते हैं और जानवरों और ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहे हैं। हमले की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
