रायपुर : भाजपा के विधानसभा घेराव के वक्त प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। साव ने कहा- जिस तरह से आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठी बरसाई ये नादिर शाह और तुगलक की हरकत की याद दिलाता है। जिस तरह से भीड़ में बम फेंके गए वो जलियांवाला बाग की घटना को याद दिलाने वाला है।
साव ने कहा – सरकार के इशारे पर यह हुआ है, प्रशासनिक अधिकारी इस बात को समझ लें सत्ता आती-जाती है । सत्ता के इशारे पर भाजपा के कार्यकर्ता या हक की लड़ाई लड़ने वालों पर बर्बरता करेंगे तो समय परिवर्तनशील है उन पर नजर है हमारी। साव ने ये भी कहा- इस तरह से कार्यकर्ताओं पर बमबारी उनकी हत्या के प्रयास का मामला है । देश में कभी नहीं होता कि ऐसे लोगों की भीड़ पर आंसू गैस के गोले फेंके जएं। किसी के सिर में लग जाता ब्लास्ट होता तो वहीं मौत हो जाएगी, भीड़ पर कभी इस तरह से बम नहीं फेंका जाता। यहां तो हत्या का इरादा था ये पता चलता है, इस पर FIR करवाने के लिए हम विचार कर रहे हैं।
साव ने कहा- कल जो बड़ा आंदोलन हुआ वह परिणाम नहीं पड़ाव है। भाजपा इसे परिणाम तक पहुंचाएगी और कांग्रेस सरकार द्वारा जनता से किए धोखाधड़ी के खिलाफ इससे भी बड़े-बड़े आंदोलन करेगी। कांग्रेस अब साढ़े चार साल बाद सवाल कर रही है अभी तक क्या कर रहे थे? उनके लिए तो सबसे बड़ा यक्षप्रश्न टी एस सिहदेव का इस्तीफा है। जिसमें उन्होंने साफ लिखा है कि कई बार आग्रह करने के बावजूद आवास योजना के लिए आपने राशि जारी नहीं की और विगत 3 वर्षों में हमने एक भी प्रधानमंत्री आवास नहीं बना पाए और इस्तीफे में 8 लाख आवास ना बना पाने की ग्लानि है।
पहले कांग्रेस सरकार उस यक्ष प्रश्न का उत्तर दें फिर हम से चर्चा करें। अरुण साव ने कहा गरीबों के मकान छीनने वाली कांग्रेस सरकार ने तमाम असंवैधानिक तरीके अपनाए, जगह जगह जनता का रास्ता रोकने के लिए बड़े-बड़े प्रबंध किए, लेकिन जनता का शोषण करने वाली इस कांग्रेस सरकार के सारे प्रबंध जनता ने ध्वस्त कर दिए। यह जनता अब अपना अधिकार मांगने सड़कों पर आ चुकी है और अब कांग्रेस को विदा करके ही चैन की सांस लेगी। अरुण साव ने कहा प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों द्वारा किया गया यह प्रदर्शन कांग्रेस की विदाई का शंखनाद है ।
