रायपुर : टिकरापारा थाना क्षेत्र के दूल्हा-दुल्हन हत्याकांड मामले में पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। वहीं पुलिस की जांच में अब पीएम रिपोर्ट रोड़ा बन गया है। 22 दिन बीत गए, लेकिन मेकाहारा के डॉक्टर नागेंद्र सोनवानी ने पीएम रिपोर्ट अभी तक नहीं सौंपा है।
मेकाहारा की लचर व्यवस्था के चलते दूल्हा दुल्हन हत्याकांड की सच्चाई का खुलासा होने में देरी हो रही है। इतना ही नहीं पुलिस को आगे की जांच में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टिकरापारा टीआई अमित बेरिया ने बताया कि दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
इसलिए एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस मर्ग की जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह पता चल पाएगी। क्योंकि प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत चाकू के वार से हुई है। इस बीच दुल्हन के मायके पक्ष के लोगों ने हत्याकांड के दौरान असलम के घर पर मौजूद लोगों और कुछ पड़ोसियों का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की है।
22 दिन बाद नहीं सुलझी हत्याकांड
मोतीनगर में दुल्हन कहकशां (22) और दूल्हा असलम अहमद (24) की मौत की गुत्थी 20 दिन बाद भी सुलझ नहीं पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर डाक्टर खुद उलझ गए हैं। दुल्हन के शरीर पर 40 से ज्यादा चाकू के गहरे चोट के निशान मिले हैं, जबकि असलम के जिस्म पर 32 गहरे जख्म हैं।
उसकी पीठ, पेट, हाथ, गर्दन, सिर और जांघ पर चाकू के वार हैं। असलम की बनियान पर चाकू के एक भी निशान नहीं मिले हैं। बनियान में कोई छेद भी नहीं है। इसी वजह से डॉक्टर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
रिपोर्ट के आधार पर दर्ज होगा हत्या का केस
पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस हत्या का केस दर्ज करेगी। रिपोर्ट से ही पता चल पाएगा कि इसमें असलम आरोपी है या किसी तीसरे व्यक्ति ने दोनों की हत्या की है। इसलिए पुलिस डॉक्टर की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
