जशपुर:- सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के लिए जशपुर पुलिस ने एक अच्छी पहल शुरू की है. जशपुर पुलिस ने जिले में हेलमेट बैंक की शुरुआत की है. बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस लाइन जशपुर हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया. इस हेलमेट बैंक में 1 हजार हेलमेट रखे गए हैं. जिसे जरूरत पड़ने पर नागरिकों को दिया जाएगा.
सीएम साय ने बांटे हेलमेट
हेलमेट बैंक की शुरुआत के अवसर पर सीएम साय ने नागरिकों को हेलमेट बांटे. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें. चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जशपुर पुलिस की यह पहल शुरू की गई है.
जरुरतमंद लोगों को मुहैया होगा हेलमेट
जशपुर पुलिस का संकल्प है कि जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सिर पर हेलमेट हो. इसी सोच के साथ हेलमेट बैंक की शुरुआत की गई है. हेलमेट बैंक के माध्यम जरूरतमदों को हेलमेट मुहैया कराया जाएगा. जिन लोगों के पास आर्थिक परेशानी है. उन्हें भी हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा.
इस पहल की खास बात यह है कि हेलमेट वापस करने वाले व्यक्ति को जशपुर पुलिस के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी एक छोटी जनसेवा गतिविधि में भी भाग लेना होगा. इसके जरिए आम नागरिक भी सड़क सुरक्षा का संदेश दूसरों तक पहुंचाने में सहभागी बनेंगे.
हेलमेट खरीदने का विकल्प
जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने वाले लोगों को भी जागरूक करने के लिए अलग पहल की जा रही है. ऐसे वाहन चालकों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं. हालांकि, नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालानी कार्रवाई किए वाहन वापस किया जा रहा है. पुलिस का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना है.
लोगों तक पहुंच रहा जागरूकता अभियान
हेलमेट बैंक के साथ जशपुर पुलिस जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चला रही है. हेलमेट रैली निकालने के साथ स्कूल-कॉलेजों, साप्ताहिक बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है. नागरिकों को स्वयं हेलमेट पहनने, पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने और अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह में शामिल होकर लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से भी मुलाकात की है.
