जांजगीर चांपा :- राज्य सरकार ने अब बुजुर्गों को एक स्थान मे स्वास्थ्य मनोरंजन और हम उम्र लोगों के साथ दिन भर बिताने के लिए सियान गुड़ी योजना की शुरुआत की थी. इसी कड़ी में जांजगीर चांपा में सियान गुड़ी का उद्घाटन हुआ. इस दौरान सियान गुड़ी में बुजुर्ग महिला,पुरुषों को सुबह से लेकर शाम तक एक ही जगह पर एक साथ रहने का मौका मिलेगा.साथ ही साथ उनके नाश्ते और भोजन का भी प्रबंध सियान गुड़ी में किया जाएगा. सियान गुड़ी के खुलने के एकाकी जीवन से परेशान बुजुर्गों को अपनापन और हम उम्र दोस्त मिलने से अपने जीवन के सुख दुख को साझा करने का अवसर मिलेगा.
बुजुर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया सियान गुड़ी
युवा अवस्था में इंसान सामाजिक दायित्वों को पूरा करता है, परिवार के साथ रहता है और अपने परिवार कर भरण पोषण करता है. इस दौरान उसकी काफी पूछ परख होती है. लेकिन नौकरी से रिटायरमेंट के बाद उसकी उपेक्षा होने लगती है. समाज में कई लोग ऐसे भी होते हैं जो बुजुर्गों को अलग-थलग छोड़ देते हैं.ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार ने बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए एक ऐसी पहल की है,जहां उन्हें घर जैसा माहौल मिलेगा. सियान गुड़ी में बुजुर्गों के स्वास्थ्य और मनोरंजन का ध्यान रखा जाएगा.दिन भर हम उम्र लोगों के साथ बिताने के बाद बुजुर्ग शाम को वापस अपने घर पर जा सकते हैं.
राज्य सरकार को सांसद ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के 13 जिलों में सियान गुड़ी की शुरुआत की है.इसमें अब जांजगीर चांपा जिले का भी नाम शामिल हो गया है. सियान गुड़ी का उद्घाटन करने के लिए सांसद कमलेश जांगड़े और विधायक ब्यास कश्यप पहुंचे थे. जहां सांसद कमलेश जांगड़े ने राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान पूर्ण, सुरक्षित और आनंद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सियान गुड़ी केंद्र शुरु करने की बधाई दी.
डे केयर के रूप मे संचालित है सियान गुड़ी
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित सियान सदन के विषय में एडिशनल कलेक्टर स्निग्धा तिवारी ने बताया कि सियान गुड़ी एक ऐसा स्थान है जहां कोई भी बुजुर्ग आ सकते हैं.
क्या होता है गुड़ी ?
छत्तीसगढ़ में गुड़ी का मतलब एक ऐसी जगह होती है जहां पर गांव के सभी लोग इकट्ठा होकर अपने सुख दुख की चर्चा करते हैं. इस दौरान ग्रामीण लोग मनोरंजन करते हैं और फिर शाम होते ही घर वापस लौट जाते हैं.इस दौरान ग्रामीण अपना तनाव भूलकर एक दूसरे से खुलकर बातें करते हैं. छत्तीसगढ़ सरकार ने इसी परिकल्पना को लेकर जांजगीर चांपा जिला मुख्यालय मे सियान गुड़ी की स्थापना कर बुजुर्गों को एक नया माहौल देने की शुरुआत की है.

