रायपुर :- 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी. सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और इस आयोजन को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया.
मुख्यमंत्री ने किया सारंग टीम का स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की.इस दौरान टीम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया. मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में सारंग टीम की सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना का अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यकुशलता देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है.
2 नवंबर को पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा. इस दौरान सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर आसमान में आकर्षक संरचनाओं, समन्वित उड़ानों और रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे. सारंग टीम अपने सटीक तालमेल और बेहद नजदीकी सामूहिक उड़ान के लिए जानी जाती है. टीम के पायलटों का आपसी समन्वय, एकाग्रता और तकनीकी दक्षता इस एयर शो का प्रमुख आकर्षण होगा.
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से दिखेगी भारत की तकनीकी ताकत
सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने हवाई कौशल का प्रदर्शन करती है. इन हेलीकॉप्टर्स के जरिए भारत की विमानन तकनीक, नवाचार और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिलेगी. हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन और मोर से प्रेरित विशेष डिजाइन दर्शकों के लिए मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेगा. टीम के प्रदर्शन में साहस के साथ अनुशासन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक प्रयास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.
दो महिला पायलट बढ़ाएंगी बेटियों का हौसला
इस एयर शो की एक खास बात टीम में शामिल दो महिला पायलटों की सहभागिता भी है. स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया अपने कौशल और साहस से आसमान में उड़ान भरेंगी.मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला पायलटों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है. उनकी उपलब्धियां प्रदेश की बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देंगी.

