धार:- औद्योगिक नगर पीथमपुर में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई. महू-नीमच मार्ग पर महेंद्र ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना खतरनाक था कि बाइक और बच्चे करीब 10 मीटर तक ट्राले से घसीटते रहे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. मृतकों में दो सगे भाई प्रियांश रजक और मोक्ष रजक के साथ आयुषी रजक शामिल हैं. तीनों सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं.
महेंद्र ब्रिज पर हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कक्षा 9वीं में पढ़ने वाला छात्र प्रियांश गुरुवार को स्कूल नहीं गया था, लेकिन दोपहर को वह अपने छोटे भाई 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले मोक्ष और मौसेरी बहन आरुषि जो 7वीं पढ़ती थी, उन्हें लेने के लिए बाइक से गया था. जहां स्कूल से लौटते वक्त दोपहर 2 बजे महू-नीमच हाइवे पर महेंद्र ब्रिज के पास हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार बच्चों को टक्कर मार दी.
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ट्राला से बाइक और बच्चे 10 मीटर तक घसीटते रहे. तीनों बच्चे के शव क्षत-विक्षत हो गए थे, स्कूल बैग का सारा सामान सड़क पर बिखर गया था. घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.
दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत
हादसे में प्रियांश रजक, मोक्ष रजक और आयुषी रजक की जान चली गई. मृतकों में दो सगे भाइयों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. एक साथ तीन स्कूली बच्चों की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में मातम छा गया है. घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. वहीं दुर्घटना की सूचना मिलने पर पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

