कोलकाता :- दुर्गा पूजा के दौरान भगदड़ के कारण बड़ा हादसा हुआ. हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की. उन्होंने मृतकों के परिवारों के लिए 25-25 लाख रुपये का मुआवजा और ग्रुप डी की सरकारी नौकरी देने की घोषणा की. ये हादसा चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुआ. एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, शनिवार शाम 7 बजकर 40 मिनट पर वहां बारिश शुरू हो गई. बाहर प्रतीक्षा कर रहे लोगों की भीड़ आगे पूजा पंडाल की ओर बढ़ी. इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए और वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. हालांकि भगदड़ के दूसरे कारण भी बताए जा रहे हैं. फिलहाल सरकार ने मामले की SIT जांच के आदेश दिए हैं.
ये हादसा ऐसे वक्त में हुआ, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर शनिवार शाम कोलकाता पहुंचे. वे दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल होने वाले थे, लेकिन हादसे की वजह से उनके कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया. अमित शाह घायलों से मुलाकात करेंगे. वहीं, पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताया है. पीएम मोदी मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की. घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए STF, फोरेंसिक टीम और फायर ब्रिगेड ने जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.

