दुर्ग :- तखतपुर क्षेत्र में मारपीट की घटना के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मारपीट से आहत युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की मां ने 2 अक्टूबर को तखतपुर थाने में नानू उर्फ युगल जायसवाल के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी ने आरोपी युवक के खिलाफ मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया था।
बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना से आहत युवक ने बाद में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद अब मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। युवक द्वारा कीटनाशक का सेवन करने के कारणों, मारपीट की घटना और युवक की मौत के बीच संबंध सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

