धमतरी:- एक सूने मकान में चल रही कथित अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है. अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामतराई में पुलिस ने सूचना के आधार पर एक मकान में दबिश दी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में चार युवतियां और नाबालिग समेत 9 युवक मिले. पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ के बाद 7 बालिगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजा गया.
कार्रवाई के बाद अब मामला सिर्फ पुलिस की कार्रवाई तक सीमित नहीं है. ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कथित देह व्यापार पर पूरी तरह रोक लगाने और मुख्य सरगना को पकड़ने की मांग की है. ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा.
सूने मकान में अवैध गतिविधि
दरअसल धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र का ग्राम श्यामतराई में एक सूने मकान को लेकर पिछले कई वर्षों से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं थीं. ग्रामीणों का कहना है कि इस मकान में संदिग्ध महिला और पुरुषों का आना-जाना लगा रहता था और रात के वक्त गतिविधियां ज्यादा दिखाई देती थीं. इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की जांच की. पुलिस को मौके पर चार युवतियां और नाबालिग समेत 9 युवक मिले. संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद सभी को थाने लाया गया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव से लेकर धमतरी शहर तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. हालांकि पुलिस ने मामले में पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की है.
कार्रवाई से ग्रामीण नाखुश
वहीं सरपंच प्रतिनिधि खेमराल साहू ने मौजूदा कार्रवाई पर असंतोष जताया. उनका कहना है कि पुलिस की कार्रवाई हुई है, लेकिन जिन धाराओं में कार्रवाई की गई है, उससे ग्रामीण पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. उन्होंने कहा कि गांव की बदनामी हो रही है और मामले में और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर कथित अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम नहीं लगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. मामले में ठोस कार्रवाई होनी चाहिए और अगर इस तरह की गतिविधियां आगे भी जारी रहीं तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

