दुर्ग :- धमधा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता अन्नू खांडे की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति त्रिलोक खांडे (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या की।
विवाद के बाद पत्नी पर किया हमला
पुलिस के अनुसार ग्राम अगर निवासी त्रिलोक खांडे का अपनी पत्नी अन्नू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के सिर पर मुक्कों से हमला किया। इसके बाद उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने की कोशिश की और पत्नी को धमधा अस्पताल में चेकअप कराने के लिए लेकर पहुंचा।
शॉर्ट पोस्टमार्टम में सामने आया हत्या का मामला
अस्पताल में महिला की स्थिति और मौत को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पति से पूछताछ की।पूछताछ और पुलिस की जांच में मामला हत्या का सामने आने के बाद त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया गया।

