भोपाल :- शिक्षकों के लिए टेट पास करना अनिवार्य किए जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शिक्षकों की नौकरी पर संकट मंडराने लगा था। टेट परीक्षा से राहत की मांग को लेकर शिक्षक लंबे समय से प्रदर्शन भी कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई। वहीं, आज शिक्षक दिवस के मौक पर सीएम मोहन यादव ने शिक्षकों को बड़ी सौगात दी है। सीएम मोहन यादव ने शिक्षकों को टीईटी परीक्षा को लेकर ऐसा ऐलान किया है कि शिक्षक खुशी से झूम उठेंगे।
शिक्षकों के लिए शिक्षक दिवस के मौके पर बड़ी सौगात
दरअसल सीएम मोहन यादव ने शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित ‘राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि TET को लेकर निर्णय किया है, जिनको एग्जाम देना है, उन्हें ऑफलाइन एग्जाम दिलाया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान शिक्षकों के सम्मान और सुविधाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया जाए। सरकारी स्कूल किसी भी हालत में प्राइवेट स्कूलों से पीछे नहीं होंगे, बल्कि आगे ही होंगे। शिक्षक दिवस के मौके पर उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि ‘शिक्षक आगे बढ़ेगा, तो देश आगे बढ़ेगा।
आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर तक बढ़ाई
बता दें कि शिक्षकों को टेट परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 सितंबर तय की गई थी, लेकिन अंत तक मात्र 12000 लोगों ने ही आवेदन किया। जबकि शिक्षकों की संभावित संख्या करीब डेढ़ लाख है। ऐसे में आवेदन नहीं करने वाले शिक्षक टेट परीक्षा नहीं दे पाते। स्थिति को देखते हुए सरकार ने टेट परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर तक बढ़ा दी है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था ये आदेश
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में आदेश दिया था कि 1998 से 2009 के बीच नियुक्त हुए शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद कर्मचारी चयन मंडल ने पहले 21 अगस्त से 4 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। अब आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 18 सितंबर कर दी गई है।

