बिलासपुर :- जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी में आपसी विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। शराब दुकान के पास हुए विवाद में आरोप है कि दो युवकों ने राकेश प्रजापति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई और CCTV फुटेज, साक्ष्य और मुखबिर से मिली सुचना के आधार पर राजा मनहर को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। दोनों के कब्जे से चाकू बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। वहां शराब लेने के दौरान राकेश का दो युवकों के साथ धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद शराब दुकान के बाहर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों युवकों ने राकेश के पेट के पास चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर तलाश की गई और CCTV फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की गई।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर राजा मनहर की पहचान हुई। पूछताछ में उसके साथ एक अपचारी बालक की संलिप्तता सामने आई। दोनों पर राकेश प्रजापति की हत्या में शामिल होने का आरोप है। इसके बाद राजा मनहर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

