जयपुर:- राजस्थान के बारां जिले में किशनगंज के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो कर्मचारियों को एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद जांच पूरी होने तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), बारां की ओर से सोमवार को जारी आदेश में अंग्रेजी व्याख्याता सिमरन कालरा और लैब असिस्टेंट अक्षत वैष्णव के नाम शामिल हैं। दोनों किशनगंज के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ हैं।
टेबल के नीचे से पैरा सहला रही थी लेक्चरर मैडम
बताया जा रहा है कि करीब 25 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो दूर से रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें एक कमरे में तीन लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में सिमरन कालरा अक्षत वैष्णव को पैर से मजाकिया अंदाज में छूती नजर आती हैं, जिसके बाद दोनों हंसते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों कर्मचारियों को जांच लंबित रहने तक डीईओ कार्यालय से अटैच करने का आदेश जारी किया।
आदेश में कहा गया है कि वीडियो वायरल हुआ है और दोनों कर्मचारी स्कूल समय के दौरान आपत्तिजनक गतिविधियों में दिखाई दे रहे हैं। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो की गतिविधि सेवा नियमों का उल्लंघन है या नहीं।
DEO दफ्तर में हाजिर होने के आदेश
दोनों कर्मचारियों को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), बारां के कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वीडियो कब और किसने रिकॉर्ड किया था और इसे सोशल मीडिया पर किस तरह वायरल किया गया।

