कोरबा:- मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक दिन पहले एक अजीब घटनाक्रम सामने आया. शहर से लगे दादर निवासी एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया. इसके बाद परिजन मरीज को लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने स्नेक कैचर की सहायता से घर की बाड़ी में बिल बनाकर रहने वाले सांप को भी खोदकर बाहर निकाला और इसे डब्बे में बंद कर दिया. डब्बा में बंद सांप को डॉक्टर को दिखाने के लिए, वह इस लेकर अस्पताल आए थे.
दरअसल स्नेक कैचर को किसी ने ये कह दिया कि डॉक्टर ने सांप देखने के बाद ही इलाज शुरू करने की बात कही है. जबकि अस्पताल प्रबंधन ने इन बातों से इनकार किया है. यह तर्क भी दिया है कि यदि इतनी घंटे सांप देखने के लिए समय ज़ाया करते तो मरीज का इलाज तत्काल कैसे शुरू होता. मरीज अभी खतरे से बाहर है.
जानिए क्या है पूरी घटना
दादर खुर्द में रहने वाले रामदयाल को सांप ने डस लिया. जो फिलहाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है और उनकी हालत खतरे से बाहर है. रामदयाल ने बताया कि मैं घर की बड़ी में झाड़ियां को साफ कर रहा था इसी दौरान सांप ने मुझे काट लिया. इसके बाद में तत्काल अस्पताल पहुंचा और इलाज शुरू हुआ अब मेरी हालत बिल्कुल ठीक है. सांप घर की बड़ी में ही बिल बनाकर रह रहा था जिसने मुझे काट लिया और इसके बाद वह पुन अपने बिल में घुस गया.
सांप देखने के बाद इलाज होगा, ऐसा कहा गया- स्नेक कैचर राकेश
स्नेक कैचर राकेश का कहना है कि मुझे फोन पर सूचना मिली कि दादर में स्नेकबाइट हुआ है. जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और चिकित्सक सांप देखने की मांग कर रहे हैं. जिसके बाद मैं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचा सांप के बिल को खोदकर उसे बाहर निकाला और डब्बे में बंद कर दिया. जिसे हम जंगल में आजाद कर देंगे. सांप को मैंने डॉक्टर को दिखा दिया है. इलाज शुरू हो चुका है, और अब मरीज की हालत खतरे से बाहर है.

