जीपीएम:- मरवाही थाना इलाके के कटरा गांव के ढपनीपानी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बैगा दंपत्ति की मौत हो गई. गनीमत रही कि दंपत्ति के बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए. मृतक बैगा दंपत्ति का नाम मंगल सिंह, उम्र 46 साल, पत्नी बिरस्पतिया बाई, उम्र 43 साल है. दोनों की मौत मौके पर ही हो गई. हादसे के वक्त माता-पिता से थोड़ी दूर उनके बच्चे खेल रहे थे.
आकाशीय बिजली से बैगा दंपत्ति की मौत
गांव वालों ने बताया कि बैगा परिवार गांव से थोड़ी दूरी पर जंगल और नदी के किनारे छोपड़ी डालकर रहता है. शनिवार के दिन महिला घर के भीतर खाना बनाने के काम में लगी थी. पति घर के बाहर बैठा था और बच्चे वहीं पास में खेल रहे थे. गांव वालों ने बताया कि अचानक से मौसम बदला और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ बिजली भी कड़क रही थी. तभी बिजली सीधे झोपड़ी पर आकर गिरी. हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्चे पड़ोसी के घर में खेल रहे थे बाल-बाल बच गए.
आर्थिक मदद की मांग ग्रामीणों ने की
ग्रामीणों ने पति-पत्नी को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृतक घोषित कर दिया. दंपत्ति की मौत की खबर से गांव में मातम का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार वालों को मदद देने की गुहार लगाई है. ग्रामीणों का कहना है कि दंपत्ति के बच्चों का जीवन सुरक्षित हो इसके लिए जिला प्रशासन को आर्थिक मदद देनी चाहिए.

