सरगुजा :- जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा परसापारा में माता-पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी बेटे जदू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले पांच दिनों से गांव से लगे जंगल और आसपास के इलाकों में छिपकर पुलिस से बच रहा था। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने माता-पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
शादी नहीं कराने से नाराज था आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जदू यादव अपने माता-पिता से शादी कराने को लेकर नाराज था। घरेलू विवाद और अनबन के बीच उसने कथित तौर पर टांगी से अपने माता-पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में मृतक दंपती के अलावा उनका बेटा जदू यादव ही मौजूद था। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की।
शव बोरे में भरकर कमरे में छिपाए
वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर माता-पिता के शवों को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कमरे में रख दिया। इसके बाद कमरे के फर्श पर मिट्टी से लेप कर दिया, ताकि हत्या के बारे में किसी को तत्काल जानकारी न हो सके।आरोपी ने कमरे में ताला लगाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। वह गांव से लगे जंगल में इधर-उधर छिपता रहा।
17 अगस्त को हुआ था वारदात का खुलासा
मामले का खुलासा 17 अगस्त की सुबह हुआ था। मृतक दंपती का छोटा बेटा मोहन यादव अपने पुराने घर दूध लेने पहुंचा था। घर में ताला लगा देखकर उसे संदेह हुआ। ताला तोड़कर अंदर जाने पर कमरे में बोरे में बंद माता-पिता के शव मिले।इसके बाद मोहन यादव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक दंपती के बड़े बेटे जदू यादव के फरार होने के कारण पुलिस को शुरुआत से ही उस पर संदेह था।
पूछताछ में कबूली हत्या, सामान बरामद
पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।पुलिस अब मामले में हत्या के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

