रतलाम:- दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे में झाबुआ जिले के पारा से खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहा परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह घसीटते हुए आगे जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार नौ लोगों में से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं, दो बच्चों सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

