रायपुर :- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के राजेंद्र नगर डीडी नगर और तेलीबांधा थाने में ठगी के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है. ठगी के इस मामले में पुलिस ने 2 महिला सहित 3 आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी खुदाई में मिला पुराना सोना बताकर पीतल का हार बेचकर लोगों से ठगी करते थे. रायपुर के इन तीन थाना क्षेत्र में आरोपियों ने लगभग साढे 22 लाख रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने इन तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है. पकड़े गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी हैं. जो पिछले तीन साल से इस तरह का गिरोह बनाकर लोगों को ठगने का काम करते थे.
कौन था मास्टरमाइंड
मुख्य आरोपी शंभू राय घूम घूमकर रत्न बेचने का काम करता था. असली सोने का सैंपल दिखाकर पीड़ितों को अपने झांसे में लिया करता था. इसके बाद उन्हें असली सोने के बजाय पीतल पकड़ा दिया जाता था. पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दिल्ली के करोल बाग से पीतल खरीद कर लाया करते थे. देश भर में करोड़ों रुपए की ठगी की जानकारी पुलिस को मिली है. जिस पर पुलिस जांच कर रही है. पकड़े गए तीन आरोपियों में शंभू राय, गीता गुजराती और शांति गुजराती शामिल है.
नकली सोना को बताते थे असली
क्राइम एंड साइबर DCP स्मृतिक राजनाला ने बताया कि “रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाने में फरवरी महीने में एक मामला सामने आया कि एक महिला और एक पुरुष दोनों मिलकर फर्जी सोना ठगी करने का मामला दिखाई पड़ा. बड़े-बड़े हार को असली सोना बताकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे. शुरू में एक छोटा टुकड़ा देते थे जिसमें टेस्टिंग के बाद वह असली सोना होता था. लेकिन बाद में पीड़ित बड़ा हार की खरीदी करते थे और टेस्टिंग के बाद पता चलता था कि वह असली सोना ना होकर नकली सोना है.
दो थानों में दर्ज हुआ मामला
पहला मामला राजेंद्र नगर थाने में फरवरी में ढाई लाख की ठगी का दर्ज किया गया. ठगी करने के बाद फिर से गिरोह जून में रायपुर आया. जून में दो थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज हुई जिसमें डीडी नगर और तेलीबांधा थाना में 10-10 लाख की ठगी का मामला था. इस तरह से ठग साढ़े 22 लाख रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिए थे. बड़ा हार दिखाकर उन्हें ठग लेते थे. आरोपी मुंबई में भी ठगी की वारदात को अंजाम देने गए थे. तभी रायपुर पुलिस ने उन्हें मुंबई से गिरफ्तार किया है. जिसमें शंभू राय नाम का एक पुरुष आरोपी और दो महिला आरोपी भी इस मामले में शामिल है.

