रायपुर:- राजधानी रायपुर में आज श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 2026 पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सुबह 7 बजे से शुरू हुई विशेष पूजा-अर्चना
रथयात्रा महोत्सव की शुरुआत सुबह 7 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को विधि-विधान के साथ रथ पर विराजमान किया गया।
राज्यपाल करेंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा
दोपहर 12 बजे राज्यपाल रमेन डेका भगवान जगन्नाथ के रथ के समक्ष पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाएंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे राज्यपाल और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रथारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गायत्री नगर से निकलेगी रथयात्रा
रथयात्रा गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर बीटीआई मैदान होते हुए शंकर जगन्नाथ चौक तक पहुंचेगी। यहां श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
शाम 6 बजे मंदिर लौटेगा रथ
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 6 बजे रथयात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और जय जगन्नाथ के जयघोष से माहौल भक्तिमय रहेगा।

