कोरबा :- महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में पंडित रविशंकर शुक्ल नगर निवासी आशीष अग्रवाल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि टक्कर में दोनों कार के सामने का हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के कारण घंटाघर से दादर मार्ग की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया। एक कार सड़क किनारे पलटते-पलटते बची। मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि दुर्घटना में शामिल एक कार का चालक और उसका साथी नशे की हालत में थे। दोनों लड़खड़ाते हुए कार से बाहर निकले। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

