बिलासपुर:- शहर के राशन कार्ड धारकों को जल्द ही राशन दुकानों में लंबी कतारों और सर्वर की समस्या से राहत मिलने वाली है। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के तहत जिले में पहली अन्नपूर्ति ग्रेन ATM (अनाज एटीएम) की स्थापना की जा रही है। इस नई व्यवस्था के जरिए हितग्राही बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद स्वयं मशीन से अपनी पात्रता के अनुसार अनाज प्राप्त कर सकेंगे।
सरकंडा क्षेत्र में स्थापित होगी मशीन
खाद्य विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली से तकनीकी अधिकारियों की टीम मशीन लेकर बिलासपुर पहुंचेगी। स्वचालित अनाज मशीन को सरकंडा क्षेत्र स्थित पटवारी कार्यालय के पास स्थापित किया जाएगा। इसके संचालन के लिए एक नई उचित मूल्य दुकान आईडी क्रमांक भी जारी किया जाएगा, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।

