रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगुरसिया के पास रविवार सुबह करीब 10:40 बजे वाहन के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय प्रकाश राठिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्रारंभिक जांच के दौरान करीब 21 वर्षीय एक अन्य युवक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 21 वर्षीय ज्ञानचंद मिर्धा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।बताया जा रहा है कि तीनों युवक तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई के निवासी थे और किसी काम से रायगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

