सतना:- जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र के मंडुलिहाई गांव में दोपहर घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
महिला की गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घायल महिला की पहचान फूला मवासी (23) के रूप में हुई है। उसकी ससुराल देवलहा गांव में है, लेकिन पति की शराबखोरी से परेशान होकर वह 24 जून से अपने मायके मंडुलिहाई में रह रही थी। दो दिन पहले उसका पति रामकिशोर मवासी भी वहां पहुंचा था।
दोपहर में शराब पीकर लौटने पर पैसे वापस मांगे
बताया गया कि गुरुवार सुबह रामकिशोर ने पत्नी को 300 रुपये दिए थे। दोपहर में शराब पीकर लौटने के बाद उसने पैसे वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्साए पति ने चाकू निकालकर गर्भवती पत्नी की गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार कर दिए।.
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे आरोपित के चंगुल से छुड़ाया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।

