रायपुर :- राजधानी रायपुर में ठगी का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने एक ऐसे 69 वर्षीय शातिर बुजुर्ग ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने पिछले करीब 30 वर्षों में देशभर के 300 से अधिक लग्जरी और 5 स्टार होटलों को अपना निशाना बनाया। आरोपी को उड़ीसा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तीन दिन पहले रायपुर के हयात होटल में ठहरने के दौरान आरोपी बिना बिल का भुगतान किए फरार हो गया था। इतना ही नहीं, वह होटल से एक लैपटॉप भी चोरी कर ले गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा करते हुए उसे भुवनेश्वर से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान बिमसेंट जॉन के रूप में हुई है। क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह वर्ष 1997 से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले एक होटल में वेटर का काम करता था। कथित तौर पर उसे मेहनताना नहीं मिला, जिसके बाद उसने होटलों को ही अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया। पूछताछ के दौरान उसने यह भी कहा कि उसका “दुश्मन केवल 5 स्टार होटल हैं”, इसलिए वह हमेशा महंगे और लग्जरी होटलों को ही निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक 100 से अधिक लैपटॉप चोरी कर चुका है। वह फर्जी पहचान या सामान्य ग्राहक बनकर होटल में ठहरता, कुछ दिन बिताता और फिर मौका मिलते ही होटल का सामान लेकर बिना भुगतान किए फरार हो जाता था।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने खुद बताया कि पिछले 30 वर्षों में वह करीब 15 साल विभिन्न होटलों में रहकर ठगी करता रहा, जबकि लगभग 15 साल अलग-अलग मामलों में जेल में भी बिता चुका है। इसके बावजूद जेल से छूटने के बाद वह फिर उसी तरीके से वारदातों को अंजाम देने लगता था।
तेलीबांधा थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अन्य राज्यों की पुलिस से जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रायपुर की घटना के अलावा उसने हाल के दिनों में और किन शहरों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

