रीवा:- मध्यप्रदेश के रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र में कथित रूप से गौमांस ले जा रही दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार दोनों युवतियां दो बैगों में गौमांस लेकर जा रही थीं। इस दौरान एक बैग को उन्होंने नहर में फेंक दिया, जबकि दूसरे बैग को पुलिस ने जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों युवतियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवतियों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की।
सूचना मिलने पर समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए मांस को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह गौमांस है या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

