बिलासपुर:- एन्टी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए रतनपुर क्षेत्र के एक पटवारी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में किसान के खेत तक बिजली का खंभा लगाने के लिए रिश्वत मांगने वाले बाबू को एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपित से एसीबी की टीम पूछताछ कर न्यायालय में पेश करने कार्रवाई में जुटी है।
रतनपुर निवासी अशोक अग्रवाल की लालपुर में जमीन हैं। उन्होंने जमीन के नक्शा बटांकन के लिए एक साल पहले तहसीलदार कार्यालय रतनपुर में आवेदन दिया गया था। आवेदन पर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार ने संबंधित पटवारी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। शिकायतकर्ता ने अपने काम को लेकर लालपुर के पटवारी भानू चंद्राकर से संपर्क किया। तब पटवारी ने काम करने के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
जमीन मालिक अशोक अग्रवाल रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने मामले की जानकारी एसीबी को दी। शिकायत सत्यापन में सही पाए जाने पर मोलभाव के बाद 25 हजार रुपये लेने की सहमति बनी। गुरुवार को एसीबी टीम ने ट्रेप कार्रवाई की और शिकायतकर्ता से आरोपित पटवारी भानू चंद्राकर को 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपित को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एन्टी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने दूसरी कार्रवाई में सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी में पदस्थ बाबू को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ग्राम पारघाट निवासी त्रिलोकी साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी करीब एक एकड़ कृषि भूमि में शासन की योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल लगाने के लिए आवेदन किया गया था।
प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में कार्यालय में पदस्थ बाबू सहदेव कुमार चंद्रा ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपित को पकड़वाना चाहता था। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जो सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई की गई और शिकायतकर्ता से आरोपित सहदेव कुमार चंद्रा को 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

