सूरजपुर:- जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतपुर में घरेलू विवाद के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परिवार में चल रहे तनाव के बीच एक मां ने गुस्से में अपने ही डेढ़-दो वर्षीय मासूम बच्चे को जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्चे के सिर और नाक पर चोटें आईं।
परिजन तत्काल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे
जानकारी के अनुसार, ग्राम जगतपुर में घरेलू कलह के दौरान मां ने आपा खो दिया और बच्चे को जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद परिजन बिना देरी किए मासूम को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने बच्चे का इलाज शुरू किया।
डॉक्टरों ने बताया, खतरे से बाहर है बच्चा
जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने बताया कि घरेलू विवाद के दौरान हुई इस घटना में बच्चे के सिर और नाक पर चोटें आई थीं। चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार करते हुए बच्चे को टांके लगाए हैं। वर्तमान में बच्चे की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस में दर्ज नहीं हुई शिकायत
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से रामानुजनगर थाना में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

