रायपुर :- राजधानी के सबसे व्यस्त बाजारों में शुमार गोलबाजार में एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। खरीदारी के लिए परिवार के साथ बाजार पहुंची एक महिला मीडियाकर्मी की मासूम बच्ची को शातिर चोर ने निशाना बना लिया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला बच्ची के गले से सोने की चेन निकालकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति और बच्ची के साथ गोलबाजार में खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच एक महिला उनके करीब पहुंची और बेहद सफाई से बच्ची के गले में पहनी सोने की चेन निकाल ली। घटना का पता तब चला जब परिवार ने बच्ची के गले में चेन गायब देखी।
बताया जा रहा है कि चोरी हुई चेन का वजन करीब एक तोला था, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपी महिला का कोई पता नहीं चल सका।

