सक्ती:- डभरा-खरसिया मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। ईंट से भरे एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में मामा और भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी छोटेलाल बरेठ, संजू बरेठ और लीलावती बरेठ मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे डभरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणभांठा गांव के पास पहुंचे, ईंट से लदे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटेलाल बरेठ और संजू बरेठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों के शव सड़क पर पड़े देख आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल लीलावती बरेठ को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

