छतरपुर:- जिले के चंदला थाना क्षेत्र के गुड़ा खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला का ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गुड़ा खुर्द निवासी 34 वर्षीय मनोज कुशवाहा पिछले चार-पांच वर्षों से महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों का एक बच्चा भी है। परिजनों का आरोप है कि 17 मई 2026 को घर में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में महिला को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

