कोरबा:- जिले से कानून व्यवस्था और ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, युवक को रस्सी से बांधकर घंटों तक गांव में बंधक बनाकर रखा गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार मोहनपुर और आसपास के गांवों में पिछले कई महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों से बोर पंप चोरी होने और मवेशियों के गायब होने की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। कई बार पुलिस से शिकायत करने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही थी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही वारदातों के कारण गांव के लोग खुद सतर्क रहने लगे थे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी बीच शनिवार को दो युवक कथित तौर पर चोरी की घटना को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे थे। तभी रास्ते में बने स्पीड ब्रेकर पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
बाइक गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों युवकों को घेर लिया। हालांकि एक युवक मौका देखकर वहां से फरार हो गया, लेकिन दूसरा ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्रामीणों ने आरोपी युवक से इलाके में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ भी की। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में युवक को बंधक बनाए जाने और लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

