नागपुर:– नहीं रुक रहा हत्याओं का सिलसिला फिर एक हत्या की वारदात हिंगना क्षेत्र में सामने आई है। हिंगणा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयानक मोड़ ले लिया, जिसने एक मां की गोद सूनी कर दी। बेरोजगारी और रोज-रोज के विवाद ने आखिरकार बड़े भाई को इतना गुस्से में भर दिया कि उसने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक शुभम पंधराम है।
पुलिस ने छोटे भाई की हत्या के आरोप में बडे भाई हरीशचंद्र पंधराम के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। शहर में हत्या की वारदातें आए दिन हो रही है। पुलिस का डर आरोपियों के दिल से कम होता जा रहा है। पिछले तीन दिनों में हत्या की एक के बाद एक वारदातें सामने आ चुकी हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कटंगधरा, आमगांव , देवली, हिंगना निवासी 60 वर्षीय राईबाई पंधराम के दो बेटे थे—34 वर्षीय हरीशचंद्र पंधराम और 28 वर्षीय शुभम पंधराम। शुभम का विवाह चार वर्ष पहले हुआ था, लेकिन वर्तमान में वह पत्नी से अलग रह रहा था। वहीं बड़ा भाई हरीशचंद्र कोई कामधंधा नहीं करता था, जिसको लेकर छोटा भाई शुभम अक्सर उसे समझाता और काम करने की सलाह देता था। 22 मई 2026 की सुबह इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में तीखा विवाद हुआ।
पिता ने मामला शांत कराने के लिए हरीशचंद्र को घर से बाहर जाने को कहा, जिसके बाद वह वहां से चला गया। रात में परिवार के सदस्य आंगन में सो रहे थे। बताया गया कि 23 मई की रात करीब 12.30 बजे हरीशचंद्र वापस लौटा। छोटे भाई द्वारा बार-बार कामधंधे को लेकर टोके जाने और दिन में हुए विवाद का गुस्सा उसके मन में सुलग रहा था। इसी रंजिश में उसने सो रहे शुभम के सिर पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शुभम खून से लथपथ हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में हिंगणा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हरीशचंद्र पंधराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

