धमतरी:- नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर अर्जुनी थाना क्षेत्र में बवाल हो गया. मृतक नवविवाहिता के परिजनों ने अब पुलिस कार्रवाई की मांग की है. परिजन जांच की मांग को लेकर एसपी कार्यालय भी पहुंचे. पुलिस से मिलकर परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच किए जाने की मांग की. ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि मायके पक्ष के लोग उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे. उनकी बेटी के साथ मारपीट भी करते थे. मायके पक्ष का ये भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को मारकर फंदे पर लटका दिया.
मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 5 महीने पहले बड़े धूमधाम के साथ हुई थी. परिवार की ओर से जो भी दिया जा सकता था वो दिया गया. इसके बावजूद उनकी बेटी के साथ दामाद अक्सर मारपीट किया करता था. कई बार परेशान होकर उनकी बेटी मायके भी आई. परिवार वालों ने उसकी बातों को सुना और विवाद को खत्म करने की भी कोशिश की. परिवार के लोगों ने दामाद को समझाया भी. पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके दामाद ने समझाने पर उनको भरोसा दिया कि वो भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं दोहराएगा. परिवार का यहां तक कहना है कि दामाद ने अपने कृत्य के लिए माफी भी मांगी.
परिजनों ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
मृतक महिला के चाचा ने कहा कि कुछ दिनों पहले भी उनकी भतीजी के साथ मारपीट की गई थी. जिसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था. परिजनों ने बताया कि उस दौरान भी ससुराल पक्ष ने मारपीट की घटना पर माफी मांगी थी. मृतक नवविवाहिता के परिजनों ने बताया कि 9 मई को मृतका के ससुर ने फोन पर उनको बताया कि उनकी बेटी ने जान दे दी है. परिजनों ने बताया कि उन लोगों ने दरवाजा तोड़ा तब अंदर का खौफनाक नजारा देखकर उनकी हालत खराब हो गई. लेकिन ससुराल वालों की इस थ्योरी पर मायके वालों को भरोसा नहीं हुआ. लिहाजा परिवार के लोग अब पुलिस से न्याय दिलाने की बात कर रहे हैं. परिवार वालों का कहना है कि उनकी लड़की को मारकर लटकाया गया है.

