रायपुर: – छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई और आरसीबी के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मुकाबले में आरसीबी ने आखिरी ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। पिछले दो मैच में हार का सामना करने वाली आरसीबी (14 अंक) ने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (23 रन देकर चार विकेट) के गेंद से शानदार प्रदर्शन के बाद उनके अंत में दो गेंद में (एक छक्के से) नाबाद सात रन की मदद से शानदार जीत दर्ज की जिससे मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। लेकिन मैच के दौरान स्टेडियम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दर्शक ने स्टैंड से नीचे छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि इस घटना में दर्शक का पैर टूट गया। फिलहाल घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गय है, जहां उसका उपचार जारी है।
बात करें मैच की तो कृणाल (46 गेंद में चार चौके और पांच छक्के) और जैकब बेथेल (27) के बीच चौथे विकेट के लिए 42 गेंद में 55 रन की भागीदारी के दम पर आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। जबकि तिलक वर्मा (57 रन) के अर्धशतक के बावजूद मुंबई इंडियंस भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 166 रन ही बना सकी।
छत से कूद गया शख्स
आरसीबी की शुरूआत खराब रही जिसने पावरप्ले में विराट कोहली (शून्य), देवदत्त पडीक्कल (12) और कप्तान राजत पाटीदार (08) के विकेट गंवाए। लेकिन कृणाल एक छोर पर डटे रहे, उन्होंने बेथेल के साथ मिलकर जिम्मेदारी संभाली। फिर उन्होंने और जितेश शर्मा (18) ने पांचवें विकेट के लिए 22 गेंद में 37 रन जोड़े। लेकिन कोर्बिन बॉश (चार ओवर में एक मेडन, 26 रन देकर चार विकेट) के दोहरे झटकों से आरसीबी की उम्मीदों पर पानी फिरता दिख रहा था जिन्होंने लगातार गेंदों पर जितेश और टिम डेविड को आउट किया। आरसीबी ने 14वें ओवर में सबसे ज्यादा 16 रन जुटाए जिससे आरसीबी की जीत की उम्मीद बनी। जितेश को पिच पर उतरकर लय में आने में छह डॉट गेंद लगी। लेकिन इस ओवर में जितेश ने राज बावा की गेंद पर लांग ऑफ में एक छक्का और स्क्वायर लेग में एक चौका लगाया। फिर उन्होंने 15वें ओवर में बुमराह पर चौका लगाया।
पर 16वें ओवर में कृणाल और जितेश ने बॉश पर एक एक छक्का लगाया। लेकिन इसी ओवर में जितेश की पारी समाप्त हो गई। इस ओवर में 13 रन बने और दो विकेट गिरे। कृणाल 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर एएम गजनफर को विकेट दे बैठे। उनके आउट होने के बाद टीम को अंतिम दो ओवर में 18 रन की दरकार थी। रोमारियो शेफर्ड और रसिख सलाम क्रीज पर थे। 19वें ओवर में केवल तीन रन बने। अंतिम ओवर में 15 रन चाहिए थे जिसमें राज बावा की पहली गेंद वाइड, फिर नो बॉल रही। फिर इसमें एक रन बना। फिर दो गेंद वाइड हुई और इसमें कोई रन नहीं बना। तीसरी गेंद में शेफर्ड आउट हो गए और भुवनेश्वर क्रीज पर उतरे। चौथी गेंद फिर वाइड हुई और फिर भुवनेश्वर ने इसमें छक्का जड़ दिया। पांचवीं गेंद पर एक रन बना जिससे अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे। रसिख सलाम (नाबाद 03) और भुवनेश्वर ने भागकर दो रन लेकर स्टेडियम में मौजूद आरसीबी के प्रशंसकों के साथ विराट कोहली और साथी खिलाड़ियों को खुशी से झूमने का मौका दिया।

