कोरबा :– जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर गांव में घूमता रहा। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
घटना ने पार की हैवानियत की हदें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद और कथित चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उसने हत्या के बाद शव से सिर अलग कर लिया और कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। कुछ लोगों के अनुसार, वह सिर लेकर घर में बैठा रहा और लोगों को खुद ही वारदात की जानकारी देता रहा।
बच्चों के सामने टूटा परिवार
घटना के वक्त घर में बच्चों की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। आरोपी पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था और वहीं अपनी पत्नी व चार बच्चों के साथ रहता था। इस वारदात ने मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया।

