रायपुर:- रायपुर से एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी पर ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट चलाने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने महादेव बुक की तर्ज पर “3 STUMPS” नाम की वेबसाइट बनाकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया था। इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में FIR दर्ज की गई है, जिसके बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि बाबू खेमानी विदेश में बैठकर इस पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा है। रायपुर के साथ-साथ पुणे, मुंबई और गोवा जैसे शहरों में उसके रिश्तेदार और करीबी लोग पैनल चलाकर इस अवैध कारोबार को आगे बढ़ा रहे थे। हाल ही में रायपुर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था।
सूत्रों के मुताबिक, यह सिंडिकेट बेहद संगठित तरीके से काम करता था। अलग-अलग शहरों में ऑपरेटर यूजर्स को जोड़ने, सट्टा लगवाने और पैसों के लेन-देन की जिम्मेदारी संभालते थे। ट्रांजेक्शन के लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे पैसों का ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस अवैध नेटवर्क के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां युवाओं को आकर्षित कर इस जाल में फंसाया जा रहा था।पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल सट्टा सिंडिकेट से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

