रायपुर:- राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट में शनिवार को अचानक आग लग गई। यह आग अपार्टमेंट की लिफ्ट में लगी। जिससे धुआं तेजी से पूरे परिसर में फैल गया। घटना के समय कई लोग अपने घरों में मौजूद थे। लेकिन, समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सिक्योरिटी गार्ड-कॉलोनीवासियों की मदद से बुझी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट के लिफ्ट से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग भड़क उठी। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कॉलोनीवासियों को अलर्ट किया और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। गार्ड और रहवासियों ने मिलकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी हद तक नियंत्रित की जा चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लिफ्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

