नई दिल्ली :- वंदे भारत एक्सप्रेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। 27 मार्च 2026 को वाराणसी से देवघर जा रही ट्रेन नंबर 22500 वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच E1 में ऐसा कुछ हुआ, जिसने यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
क्या हुआ उस दिन
रांची निवासी आयुषी सिंह अपने 2 साल के बेटे के साथ सफर कर रही थीं। आरोप है कि ट्रेन में परोसा गया लंच खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उनके ऊपरी होंठ तेजी से सूज गए और पूरे शरीर में गंभीर एलर्जी के लक्षण दिखने लगे। हालात इतने बिगड़े कि डर का माहौल बन गया।वहीं उनके मासूम बेटे को दस्त शुरू हो गए, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई। आयुषी ने खाने के साथ-साथ ट्रेन में दिए गए पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
आयुषी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने सूजे हुए होंठों की तस्वीरें और रांची के “माँ राम प्यारी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल” की मेडिकल रिपोर्ट भी पोस्ट की, जिसमें “Severe Allergy” का जिक्र किया गया है।उन्होंने लिखा- अगर समय पर इलाज नहीं मिलता, तो यह जानलेवा भी हो सकता था। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और लोगों ने वंदे भारत के खाने को लेकर नाराजगी जतानी शुरू कर दी।
IRCTC की सफाई
मामला तूल पकड़ने के बाद IRCTC ने जवाब जारी किया। उनके मुताबिक, 27 मार्च 2026 को ट्रेन नंबर 22500 BSB-DGHR वंदे भारत एक्सप्रेस (कोच E1) में परोसे गए लंच की जांच की गई, जो संतोषजनक पाया गया। उस दिन खाने की गुणवत्ता, हाइजीन या सेफ्टी को लेकर कोई अन्य शिकायत नहीं मिली। हालांकि IRCTC ने आगे जांच का आश्वासन दिया है और महिला से विस्तृत जानकारी मांगी है।

