राजनांदगांव:- ट्रेन में किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करना महिलाओं को महंगा पड़ गया। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन संख्या 22846 में कुछ किन्नर यात्रियों से पैसे मांगकर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
जांच में हुआ खुलासा
सूचना मिलते ही निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम ने संबंधित कोचों में तत्काल जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान चौंकाने वाला राजफाश हुआ कि कुछ महिलाएं किन्नर का रूप धारण कर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रही थीं और अभद्र व्यवहार कर रही थीं। कार्रवाई के दौरान कुल सात महिलाओं को इस गतिविधि में संलिप्त पाया गया।
आरपीएफ को देख भागने लगीं महिलाएं
किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करने वाली महिलाएं आरपीएफ को बोगी में देखकर भागने लगीं। सभी को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव लाया गया, जहां उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 एवं 137 के तहत मामला दर्ज किया गया।

