अलीगढ़:- उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद दुर्लभ और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला ने प्रसव के दौरान असामान्य जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। बच्चों के दो सिर, चार हाथ-पैर और एक ही धड़ है। इस घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला जिला अस्पताल में हुआ प्रसव
यह घटना अलीगढ़ के मोहनलाल गौतम महिला जिला अस्पताल की है। 17 मार्च को सासनी गेट थाना क्षेत्र के बिहारी नगर निवासी आकाश कुमार अपनी पत्नी नीरू को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लेकर पहुंचे थे।डॉक्टरों ने महिला की स्थिति को देखते हुए सीजेरियन ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों की सहमति के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा की देखरेख में ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन के दौरान सामने आया दुर्लभ मामला
ऑपरेशन के दौरान जब बच्चों का जन्म हुआ तो डॉक्टर और स्टाफ हैरान रह गए। दोनों नवजात एक ही धड़ से जुड़े हुए थे, जबकि उनके दो अलग-अलग सिर और चार हाथ-पैर थे। डॉक्टरों के अनुसार, यह एक अत्यंत दुर्लभ चिकित्सीय स्थिति है। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
बच्चों को देखकर मां की बिगड़ी हालत
नवजातों को देखने के बाद मां नीरू की मानसिक और शारीरिक स्थिति अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें गहरा सदमा लगा और उनकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया। हालांकि परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

