गाजियाबाद :- कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुनपुरम सोसाइटी में सामने आई डबल डेथ मिस्ट्री ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है, जहां एक ओर 40 वर्षीय राजवीर ने 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, वहीं उसके फ्लैट के अंदर उसकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर का करीब दो दिन पुराना शव मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि विनायक टावर से एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी है, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजवीर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद जब पुलिस टीम फ्लैट के अंदर पहुंची तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था, बेड पर उसकी मां का शव पड़ा मिला जो सड़ने की स्थिति में था और अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत करीब दो दिन पहले हो चुकी थी। हैरानी की बात यह है कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है और यही वजह है कि मामला और भी पेचीदा बन गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि राजवीर अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और अपनी मां के साथ इसी फ्लैट में रहता था, जबकि उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ गौड़ सिटी-2 में रहती है। बताया जा रहा है कि वह पहले एस्ट्रोलॉजी से जुड़ा काम करता था, लेकिन सफलता नहीं मिलने के कारण फिलहाल बेरोजगार था और हाल के दिनों में पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग का काम कर रहा था।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले मां की मौत कैसे हुई और उसके बाद बेटे ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। क्या यह मानसिक तनाव का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है, इन सभी पहलुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

