महाराष्ट्र:- पालघर जिले के तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित ‘भगेरिया केमिकल्स कंपनी’ से सोमवार 3 मार्च दोपहर करीब 2:00 से 2:15 बजे के बीच ओलियम गैस (Oleum gas) का रिसाव शुरू हो गया. इस गैस लीक के कारण स्थानीय नागरिकों और मजदूरों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी. साथ ही, लोगों ने आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी की शिकायत की. अचानक हुए इस रिसाव से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
एजेंसियों को किया गया अलर्ट
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं. आपातकालीन कक्ष, राजस्व विभाग, MIDC, अग्निशमन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग सहित सभी विभागों को अलर्ट कर दिया है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उप क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजू वसावे मौके पर पहुंच गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से कंपनी की ओर जाने वाली सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में खौफ
तारापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट से डेढ़ से दो किलोमीटर के दायरे में इस गैस का असर महसूस किया जा रहा है. हवा की दिशा के साथ यह गैस हर तरफ फैल रही है. इसके चलते कैमलिन नाका और टाकी नाका के बीच का औद्योगिक क्षेत्र और रिहायशी इलाका इस गैस से बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
सफेद धुंध की चादर
एमआईडीसी दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लगभग एक टन ओलियम गैस का स्टॉक प्रभावित होने की आशंका है. पूरे इलाके में सफेद धुंध की एक मोटी चादर फैल गई है. एहतियात के तौर पर तारापुर विद्यामंदिर स्कूल (टाकी नाका क्षेत्र) के छात्रों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया है, और अन्य संस्थानों के श्रमिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं.

