मुंबई:- अंधेरी ईस्ट में एक होटल के अंदर चुपचाप इंटरनेशनल सेक्स रैकेट चल रहा था । लेकिन इस बार खेल ज्यादा दिन नहीं चला। मुंबई पुलिस ने छापा मारकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
मामला एके रोड स्थित होटल विला पैलेस का है। गोपनीय सूचना मिलने के बाद सांताक्रूज पुलिस ने रेड डाली। अंदर जो मिला, उसने सबको चौंका दिया। युगांडा की 30 और 36 साल की दो महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर भारत लाया गया था और होटल में ही जबरन देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि केन्याई नागरिक जैस्मिन इस पूरे रैकेट की अहम कड़ी थी। वही महिलाओं को मुंबई लाई, ठहराया और ग्राहकों का इंतजाम करती थी। दोनों महिलाओं की आवाजाही पर सख्त नजर रखी जाती थी।
पुलिस ने होटल मैनेजर और तीन स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया है। होटल मालिक अक्षय शेडगे और जैस्मिन फरार हैं। होटल ने विदेशी मेहमानों का रिकॉर्ड तक सही से नहीं रखा, न ही अनिवार्य सी-फॉर्म जमा किया। रजिस्टर में महिलाओं का नाम तक दर्ज नहीं था, जिससे साजिश और सबूत छिपाने का शक गहरा गया।

