धमतरी :- धमतरी में दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने कलेजे के टुकड़े को बिलखते हुए बस में ही छोड़ कर चली गई. बस में बच्चे की रोने की आवाज सुन लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. कोतवाली पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम तत्काल बस स्टैंड पहुंची और बच्चे को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल लाया गया.
बस स्टैंड में आई बच्चे के रोने की आवाज
बताया जा रहा है कि बस स्टैंड पहुंची जहां सभी सवारी उतर गए. वहीं कुछ देर बाद बस से बच्चे की रोने की आवाज आने लगी. जिसे सुन लोग हैरान हो गए. बस में जाकर देखने पर बस के सीट में एक बच्चा मिला. फिलहाल महिला की तलाश की जा रही है. बाल कल्याण समिति धमतरी ने बच्चे को अपने अंडर में ले लिया है. बड़ा सवाल की यह महिला कौन थी और आखिर बच्चा है किसका ?
रायपुर से आ रही थी महिला
मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी गुरुवार को रायपुर से धमतरी आ रही बस में एक महिला पचपेड़ी से चढ़ती है. जो अपने चेहरे को स्कार्फ से ढकी हुई थी. उसके हाथ में तीन-चार महीने का मासूम बच्चा था. जैसे ही वह बस लगभग 3:15 बजे धमतरी पहुंची, सीट में बच्चे को सुलाकर महिला भाग गई. जब स्टाफ ने देखा कि बच्चे का कोई भी पालक नहीं है तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. इसके अलावा चाइल्ड लाइन को भी सूचित किया गया. दोनों टीम ने बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर जांच के बाद डॉ अखिलेश देवांगन ने स्वस्थ बताया.
