भोपाल : – तमाचे के बदले 30 सेकंड में एक छात्र ने 27 बार चाकू घोंप दिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना भोपाल स्थित एक स्नूकर क्लब में घटी है। बताया जा रहा है कि घटना 15 फरवरी की रात की है । स्नूकर क्लब टीला जमालपुरा स्थित गणेश चौक की है। इसका वीडियो अब सामने आया है। इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
30 सेकंड में 27 बार घोंपा चाकू
दरअसल, आरोपी स्नूकर क्लब में घुसते हैं और वहां खेल रहे छात्र पर 30 सेकंड के अंदर ही 27 बार चाकू से हमला करते हैं। इसके बाद वहां से भाग जाते हैं। इस दौरान घायल छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता है। इस दौरान उसकी कलाई पर 10 कट लगे हैं। साथ ही दो उंगलियां भी कट गई हैं। बताया जा रहा है कि कंधे और पीठ पर भी चोट आई है। अस्पताल में पीड़ित का इलाज चल रहा है।
गौतम नगर का है पीड़ित छात्र
वहीं, पुलिस के अनुसार घायल छात्र भोपालके गौतम नगर का रहने वाला है। आरोपी की उम्र 16 साल है और वह 10वीं का छात्र है। दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं। आरोपी ने बदला लेने के लिए उस पर हमला किया है। कुछ दिन पहले पीड़ित के साथ उसका झगड़ा हुआ था, जिसमें उसने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था।

