कोरबा:- जिले में हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पार कर एक घर में घुस गया। इस हादसे में घर के आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय शशि बाई सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हादसे का विवरण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर बलौदा की ओर से गलत दिशा से आ रहा था। अनियंत्रित होकर ट्रेलर सड़क पार कर भोलाराम सूर्यवंशी के घर में जा घुसा। हादसे के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। मृतक शशि बाई के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वह कमरे में आराम कर रहे थे, तभी अचानक गाड़ी घुसने की आवाज आई। उनके बच्चे आंगन में खेल रहे थे, जिन्हें चिल्लाकर तुरंत अंदर भेजा गया, अन्यथा वे भी चपेट में आ सकते थे।

