सारंगढ़-भिलाईगढ़:- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। भटगांव थाना क्षेत्र के मधुबनकला गांव में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे दबने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे ग्राम पंचायत गिरवानी के आश्रित ग्राम मधुबनकला में हुआ। बताया जा रहा है कि मां और बेटा अपने घर के आंगन में छज्जे के नीचे बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन छज्जा टूटकर उन पर गिर पड़ा। छज्जा गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान श्याम सुंदर बंजारे और उनकी मां ननकी भूरी बंजारे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

