रायपुर:- राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सेंट्रल जेल से कोर्ट पेशी के लिए लाए गए दो विचाराधीन कैदी कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहरभर में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में बाप-बेटे बताए जा रहे हैं और हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल में बंद थे। गुरुवार को नियमित पेशी के लिए उन्हें कोर्ट लाया गया था।
बताया जा रहा है कि पेशी से पहले जब वे कोर्ट मुहर्रिर की अभिरक्षा में थे, तभी मौका पाकर दोनों फरार हो गए। कोर्ट परिसर में कैदियों के अचानक गायब होने से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के इलाकों में तत्काल तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उनके भागने की दिशा और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि राजधानी में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई आरोपी पेशी के दौरान फरार हो चुके हैं, जिनमें से कुछ का अब तक पता नहीं चल पाया है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

