खरगोन:- मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में मटन मार्केट के पीछे संग्रहालय बेड़ी पर मिले युवक के नग्न शव की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को खरगोन पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार किया है। युवक की हत्या अप्राकृतिक संबंध बनाने से इनकार करने पर की गई थी। खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल ने बताया कि वारदात 30 और 31 जनवरी 2026 की दरमियानी रात को हुई थी।
पत्थरों से कुचलकर की गई हत्या
31 जनवरी को थाना कसरावद पुलिस को सूचना मिली थी कि मटन मार्केट के पीछे बेड़ी क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राकेश उर्फ राका चौहान (41 वर्ष), निवासी मटन मार्केट कसरावद के रूप में की। पुलिस के अनुसार, मृतक का शव नग्न अवस्था में मिला था। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे और घटनास्थल पर खून से सने पत्थर पड़े हुए थे। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया था कि युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई है।
जांच टीम ने मौके से जुटाए सबूत
पुलिस टीम ने घटनास्थल से एफएसएल, फिंगरप्रिंट, साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। आसपास के इलाकों और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, वहीं मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। मृतक के परिजनों से लगातार 4–5 दिन तक पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था।
जांच में सामने आया नाबालिग वाला एंगल
जांच में सामने आया कि रामदेव बेड़ी क्षेत्र का एक किशोर घटना वाली शाम मृतक की मां के घर शराब पी रहा था। बाद में उसने मृतक का पीछा किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अप्राकृतिक संबंध बनाने का प्रयास किया, जिसका मृतक ने विरोध किया और घटना उजागर करने की धमकी दी। इसी बात से गुस्से में आकर बालक ने पत्थरों से वार कर युवक की हत्या कर दी।

